नीमच पुलिस का बड़ा एक्शन: शिवपुरिया के 4 खेतों में गांजे की खेती पकड़ी

नीमच। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ नीमच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मनासा अनुविभाग के कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम शिवपुरिया के दुर्गम पठारी और जंगल क्षेत्र में चार अलग-अलग खेतों में गांजे की अवैध खेती का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान करीब 51 हजार हरे गांजे के पौधे जब्त किए गए, जिनका कुल वजन 27.95 क्विंटल और अनुमानित मूल्य 2 करोड़ 79 लाख 50 हजार रुपए बताया गया है। मामले में संबंधित भूमि स्वामियों और अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

ड्रोन से निगरानी, चार टीमों ने की सर्चिंग

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, भंडारण और तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 अक्टूबर 2026 को एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी के नेतृत्व में कुकड़ेश्वर, मनासा और रामपुरा थानों के पुलिस बल की चार संयुक्त टीमें गठित की गईं।

पुलिस टीमों ने ग्राम शिवपुरिया के जंगल, दुर्गम पठारी क्षेत्र और आसपास के खेतों में ड्रोन के माध्यम से हवाई निगरानी की। इसके बाद मौके पर पहुंचकर भौतिक रूप से सर्चिंग की गई। इस दौरान चार अलग-अलग खेतों में गांजे की खेती सामने आई। पुलिस के मुताबिक, खेतों में पत्थरों की ऊंची कोट और मक्का की फसल की आड़ में गांजे के पौधे उगाए जा रहे थे।

चार टीमों ने अलग-अलग खेतों से पौधे किए जब्त

पुलिस की चारों टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए गांजे के हरे पौधे जब्त किए। पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, पहली टीम ने 10.10 क्विंटल, दूसरी टीम ने 6.55 क्विंटल, तीसरी टीम ने 3.55 क्विंटल और चौथी टीम ने 7.75 क्विंटल गीले हरे पौधे जब्त किए।

पुलिस ने कुल जब्ती का वजन 27.95 क्विंटल बताया है। जब्त पौधों का अनुमानित मूल्य 2.79 करोड़ रुपए आंका गया है। इस कार्रवाई के बाद संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न प्रावधानों के तहत चार अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कुकड़ेश्वर उपनिरीक्षक मंगल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में की गई।

पुलिस अधीक्षक ने जिले के थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी पर अंकुश लगाने, मुखबिर तंत्र सक्रिय रखने तथा संदिग्ध क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

तीन थानों के पुलिस बल की रही भूमिका

पुलिस के अनुसार, दुर्गम और वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों का पता लगाने के लिए ड्रोन तकनीक के साथ प्रत्यक्ष सर्चिंग भी की जा रही है। शिवपुरिया में हुई कार्रवाई में कुकड़ेश्वर, मनासा और रामपुरा थानों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, भंडारण, परिवहन और तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Next Post

न्यू बस स्टैंड से ही सवारियां भरेंगी बसें, आगे-पीछे कैमरे लगाने के निर्देश

Sun Oct 18 , 2026
सीधी। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राघवेंद्र द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी यातायात रक्षित निरीक्षक बृजराज रोकड़े एवं थाना प्रभारी जमोड़ी उनि केदार परौहा के नेतृत्व में थाना जमोड़ी पुलिस और यातायात पुलिस ने न्यू बस स्टैंड […]

You May Like