
सीधी। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राघवेंद्र द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी यातायात रक्षित निरीक्षक बृजराज रोकड़े एवं थाना प्रभारी जमोड़ी उनि केदार परौहा के नेतृत्व में थाना जमोड़ी पुलिस और यातायात पुलिस ने न्यू बस स्टैंड में बस संचालकों के साथ बैठक की। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाने और न्यू बस स्टैंड सहित आसपास के मार्गों पर लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से जमोड़ी पुलिस एवं यातायात विभाग ने बस संचालकों के साथ बैठक आयोजित की। न्यू बस स्टैंड में हुई बैठक में थाना प्रभारी केदार परौहा एवं यातायात प्रभारी ने बस संचालकों और बस ऑनर्स को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित मार्ग से बसों का संचालन करने तथा यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में बसों के आवागमन, पार्किंग और यात्रियों को बैठाने-उतारने की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बसों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा किया जाए, ताकि न्यू बस स्टैंड एवं आसपास के मार्गों पर अनावश्यक जाम की स्थिति निर्मित न हो। बसों के आवागमन के दौरान सड़क पर यातायात बाधित न हो और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से बसों में बैठाने एवं उतारने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
शहीद श्यामलाल सिंह तिराहा से होगा प्रवेश, टाटा कॉलेज मार्ग से अपने गंतव्य के लिए निकलेंगी बसें-
बैठक में न्यू बस स्टैंड में बसों के प्रवेश और निकासी के लिए निर्धारित मार्ग का पालन करने के निर्देश दिए गए। इसके तहत बसें शहीद श्यामलाल सिंह तिराहा की ओर से न्यू बस स्टैंड में प्रवेश करेंगी। बसों से यात्रियों को उतारने का कार्य बस स्टैंड परिसर के अंदर ही किया जाएगा। वहीं, गंतव्य की ओर जाने वाली बसें न्यू बस स्टैंड के अंदर से ही सवारियां भरेंगी और इसके बाद टाटा कॉलेज मार्ग से होकर अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगी। पुलिस अधिकारियों ने बस संचालकों को निर्देशित किया कि वे सड़क पर बसें खड़ी कर सवारियां न भरें और न ही यात्रियों को सड़क पर उतारें। निर्धारित व्यवस्था का पालन करने से यातायात बाधित होने की समस्या कम होगी और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
बसों में आगे-पीछे कैमरे लगाने के निर्देश-
यात्रियों की सुरक्षा और बसों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से बसों में आगे और पीछे कैमरे लगाने के संबंध में भी निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने बस संचालकों से कहा कि यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। बसों का संचालन निर्धारित मार्ग से किया जाए और यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों से बचा जाए।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने में बस संचालकों का सहयोग जरूरी-
थाना प्रभारी केदार परौहा ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने में बस संचालकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। सभी संचालक पुलिस एवं यातायात विभाग के निर्देशों का पालन करें, ताकि शहर में यातायात सुचारू बना रहे और आम लोगों को अनावश्यक जाम का सामना न करना पड़े। बैठक के दौरान बस संचालकों ने यातायात व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव भी पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बैठक का मुख्य उद्देश्य बसों के संचालन को व्यवस्थित करना, न्यू बस स्टैंड के आसपास यातायात का दबाव कम करना और यात्रियों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करना रहा।
