
शुजालपुर, जामनेर के जंगल में जुआं खेल रहे आठ लोगों को शुजालपुर मंडी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 24 हजार 600 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते, आठ बाइक और छह मोबाइल जब्त किए गए हैं. जब्त सामग्री की कुल कीमत 8 लाख 85 हजार रुपए बताई गई है. पुलिस के अनुसार जिले में जुआं-सट्टा सहित अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारनेकर और एसडीओपी निमेश कुमार देशमुख के मार्गदर्शन में कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में 17 अक्टूबर को मुखबीर से मिली सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार यादव और उप निरीक्षक तेजप्रकाश बोहरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम जामनेर के जंगल में दबिश दी. यहां आठ लोग ताश के पत्तों पर रुपए.पैसों का दांव लगाकर जुआं खेलते मिले. पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को गिरफ्तार कर नकदी सहित वाहन और मोबाइल जब्त किए. पुलिस ने आशिक खां निवासी जामनेर, शादाब खां निवासी बंजीपुरा शुजालपुर सिटी, रंजीत सैनी मार्केटिंग सोसायटी शुजालपुर मंडी, मदन भाई खारीकुंडी के पास शुजालपुर मंडी, गोलू उर्फ शमशाद खां किला मोहल्ला शुजालपुर, आर्यन प्रजापत खारीकुंडी वेयरहाउस रोड, इरशाद खां प्रेमनगर कॉलोनी शुजालपुर मंडी और सद्दाम खां उर्फ सईद खां जामनेर को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के विरुद्ध थाना शुजालपुर मंडी में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है. कार्रवाई में निरीक्षक शिवकुमार यादव, उप निरीक्षक तेजप्रकाश बोहरे सहित थाना पुलिस के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस ने अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखने की बात कही है.
