एथेंस, 08 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने गुरुवार को यूरोपीय सहयोगी देशों से अपनी अर्थव्यवस्थाओं, समाज और सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नाटो के सदस्य जितने मजबूत होंगे, गठबंधन उतना ही मजबूत होगा।
एथेंस हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में श्री रुबियो ने कहा कि अमेरिका “मजबूत यूरोप” और “मजबूत यूरोपीय साझेदार” चाहता है। उन्होंने यूनान, पुर्तगाल और जर्मनी को अपनी क्षमताएं बढ़ाने वाले सहयोगियों के उदाहरण के रूप में पेश किया।
श्री रुबियो ने यूनान में अमेरिकी राजदूत किम्बर्ली गिलफॉयल के खिलाफ लगे आरोपों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि विदेश विभाग को मामले की स्वतंत्र रूप से समीक्षा करने का अभी अवसर नहीं मिला है।
‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की एक रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि गिलफॉयल ने अपने पुष्टि संबंधी सुनवाई से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक समर्थक और दानदाता से 1,00,000 डॉलर के क्रेडिट कार्ड बिल का भुगतान करने को कहा था और बदले में प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंच का आश्वासन दिया था।
श्री रुबियो ने तत्काल महानिरीक्षक जांच की मांग को भी खारिज करते हुए कहा कि सरकार ऐसे मीडिया रिपोर्टों के आधार पर नीतिगत या नियुक्ति संबंधी बड़े फैसले नहीं करेगी, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि वह नहीं जानते कि रिपोर्ट में किए गए दावे सही हैं या नहीं।
ईरान की धमकियों के कारण यूरोप या नाटो क्षेत्र में अमेरिकी अभियानों पर किसी तरह की पाबंदी संबंधी सवाल पर श्री रुबियो ने कहा कि अमेरिका के पास कार्रवाई करने की पूरी क्षमता है और ऐसी कोई कार्रवाई नहीं है जिसे वह ईरान के खिलाफ करना चाहे और न कर सके।
श्री रुबियो ने यूनान में अपने भाषण के दौरान यूरोपीय देशों से अपनी सभ्यतागत जड़ों की ओर लौटने का आह्वान किया। उन्होंने यूनान को “मॉडल सहयोगी” बताया। इसके बाद वह पुर्तगाल के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की बात कही।
