
इंदौर. जिले में विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया. मुख्य कार्यक्रम सिविल अस्पताल महू में आयोजित हुआ, जहां पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने ईंधन बचाने का संदेश देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारियों के साथ इंदौर से महू तक बस से पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लिया. इस वर्ष की थीम इंस्पायर्ड बाय नेचर फॉर क्लाइमेट फॉर आवर फ्यूचर के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित किया. सिविल अस्पताल परिसर में पीपल, बरगद, नीम सहित विभिन्न औषधीय पौधे लगाए गए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया. कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष महू सरदार मालवीय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी, बीएमओ मानपुर, सीएच महू के प्रभारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे. जनपद अध्यक्ष ने कहा कि महू क्षेत्र को ग्रीन जोन बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे.
वहीं डॉ. हासानी ने कहा कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. इस अवसर पर जीवन ज्योति बालिकागृह में बालिकाओं के लिए पर्यावरण क्विज और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को पुरस्कृत किया और पर्यावरण से जुड़े सवालों का समाधान किया. कार्यक्रम में जिला सर्विलेंस अधिकारी, जिला विस्तार एवं माध्यम अधिकारी और राष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन एवं मानव स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी भी उपस्थित रहे.
