इंदौर: महापौर के ड्रीम प्रोजेक्ट धार रोड चंदन नगर से एयरपोर्ट रोड को जोड़ने वाली सड़क निर्माण में विधायक ही बाधक बन गए हैं. विधायक चंदन नगर के रहवासियों को अपने क्षेत्र में विस्थापन करने का विरोध कर रहे है, जबकि रहवासी जाने को तैयार है. उपरोक्त कारण से महापौर के ड्रीम प्रोजेक्ट वाली सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है.नगर निगम के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महापौर पुष्यमित्र भार्गव के ड्रीम प्रोजेक्ट में राऊ विधायक मधु वर्मा बाधक बन गए है. बताया जाता है कि विधायक मधु वर्मा चंदन नगर के दो सौ से ज्यादा विस्थापितों को राऊ विधानसभा में तैयार पीएम आवास योजना के फ्लैट में स्थानांतरित करने का विरोध कर रहे हैं.
चर्चा है कि उन्होंने अधिकारियों और महापौर को स्पष्ट मना किया है कि मुस्लिम लोगों को मेरे क्षेत्र में विस्थापित नहीं किया जाए. वह भी उस स्थिति में जब चंदन नगर के रहवासी सड़क निर्माण में सहयोग करते हुए पीएम आवास के फ्लैट में जाने तैयार है. कहा जा रहा है कि क्षेत्रीय पार्षद पति रफीक खान ने निगम की सड़क के लिए महापौर को विस्थापित करने पर सहमति दे दी है, सिर्फ राऊ विधायक मधु वर्मा के विरोध से शहर की संभावित जीवन रेखा सड़क नहीं बन पा रही है. ध्यान रहे कि महापौर ने राज्य सरकार से लेकर स्थानीय प्रशासन तक से सड़क निर्माण को लेकर हर अड़चन दूर कर सभी विभागों से निगम को अनुमतियां दिलवाई. आज शहर के पश्चिम क्षेत्र में जीवन रेखा सड़क निर्माण करना महापौर का एक सूत्रीय अभियान है.
वर्क आर्डर तक हो चुका
चंदन नगर से नंदन नगर, नगीन नगर से होते हुए कालानी नगर चौराहे तक करीब तीन किलोमीटर लंबी और 60 फीट चौड़ी सड़क के लिए निर्माण एजेंसी को वर्क ऑर्डर तक हो चुका है और 20 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होगी. उक्त सड़क निर्माण का करीब 35 साल से पश्चिम क्षेत्र के रहवासी इंतजार कर रहे है. जब नगर निगम महापौर भार्गव के एक सूत्रीय अभियान से सड़क का बनने का रास्ता साफ हुआ, तो भाजपा और सत्ताधारी दल के विधायक मधु वर्मा ही सड़क निर्माण में बाधक बन गए हैं. उक्त मामले में विधायक मधु वर्मा से बात करने को लेकर कॉल किया था, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया.
