सागर: मध्यप्रदेश राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया के नेतृत्व में टीम 25 अप्रैल को आयोग सागर के सांसद, विधायक, नगरीय निकायों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेगा। बैठक में स्थानीय निकायों की वित्तीय स्थिति, अधोसंरचना विकास कार्यों के क्रियान्वयन तथा योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की जाएगी।इसी दिन आयोग सागर संभाग के आयुक्त सहित छह जिलों के कलेक्टरों, निगम आयुक्तों और मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक भी करेगा।
इस बैठक में वित्तीय प्रबंधन, केंद्र एवं राज्य प्रायोजित योजनाओं की गुणवत्ता और वास्तविक स्थिति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही निकायों के स्वयं के राजस्व स्रोतों में नवाचार पर भी चर्चा होगी। इसी दौरान आयोग द्वारा महत्वपूर्ण योजनाओं का स्थल निरीक्षण भी किया जाएगा। संभाग स्तरीय दौरे में आयोग के सदस्य के.के. सिंह तथा सदस्य सचिव वीरेन्द्र कुमार भी शामिल रहेंगे, जो अधिकारियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद कर वित्तीय आंकड़ों की समीक्षा करेंगे।
