रीवा में कुएं में तैरता मिला मां और 5 साल के मासूम बेटे का शव

रीवा। जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले इटार पहाड़ गांव से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहाँ रविवार दोपहर को एक ही परिवार के दो सदस्यों माँ और उसके 5 वर्षीय मासूम बेटे के शव गांव के ही एक कुएं में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान मीना कुशवाहा उम्र 31 वर्ष और उनके 5 वर्षीय पुत्र सौरभ कुशवाहा के रूप में हुई है जो गुढ़ थाना क्षेत्र के इटार पहाड़ गांव के निवासी थे। यह पूरी घटना रविवार दोपहर लगभग 2:00 बजे की बताई जा रही है। रविवार दोपहर को जब गांव का ही एक स्थानीय युवक कुएं की तरफ गया, तो उसने कुएं के पानी में दो शवों को तैरते हुए देखा। शवों को देखते ही युवक के होश उड़ गए और उसने तत्काल मौके पर हल्ला गुहार मचाना शुरू कर दिया।चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भारी संख्या में कुएं के पास एकत्रित हो गए। ग्रामीणों द्वारा तुरंत इसकी सूचना गुढ़ थाना पुलिस को दी गई।

 

मौके पर पहुँची पुलिस, पति रहता है परदेस में

सूचना मिलते ही गुढ़ पुलिस तत्काल घटना स्थल पर पहुँची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद माँ और बेटे दोनों के शवों को कुएं से बाहर निकलवाया। शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतिका मीना कुशवाहा का पति दुर्गेश कुशवाहा, आजीविका के सिलसिले में परदेस में रहता है। घर में महिला अपने बच्चों के साथ रह रही थी। घटना के समय पति गांव में मौजूद नहीं था। पुलिस द्वारा घटना की जानकारी तुरंत मृतिका के पति और अन्य परिजनों को दे दी गई है।

 

घटना के अगले दिन यानी आज सोमवार को गुढ़ पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने रीवा के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय की पुलिस चौकी में दोनों शवों का पंचनामा तैयार किया। पंचनामा कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों शवों को डॉक्टरों के द्वारा पोस्टमार्टम कराने के लिए सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए शोककुल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।माँ और बेटे के शव कुएं में कैसे पहुँचे यह आत्महत्या का मामला है या कोई हादसा है या फिर इसके पीछे कोई साजिश है इन सभी पहलुओं पर गुढ़ पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना की कड़ियों को जोड़ा जा सके।

Next Post

ट्रंप की 'ईरानी नीति' ने अमेरिका को गतिरोध में धकेला : मोहसिन रज़ाई

Mon May 25 , 2026
तेहरान, 25 मई (वार्ता)  ईरान के वरिष्ठ राजनेता एवं पूर्व सैन्य कमांडर मोहसिन रज़ाई ने कहा है कि हाल के क्षेत्रीय घटनाक्रमों और ईरान के खिलाफ “बिना उकसावे के छेड़े गए युद्ध” के बाद क्षेत्र में हुए हालिया घटनाक्रमों ने अमेरिका को पूरी तरह गतिरोध की स्थिति में पहुंचा दिया […]

You May Like