इंदौर: सेंट्रल कोतवाली क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम के छह सदस्यों को मंगलवार को सम्मानित किया. पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार देकर उनके कार्य की सराहना की गई.सम्मानित होने वालों में थाना सेंट्रल कोतवाली के निरीक्षक रवीन्द्र पाराशर, प्रधान आरक्षक मुकेश लोभाना, पंकज बघेल, प्रदीप शर्मा, लोकेश प्रजापत और आरक्षक संजीव धर शामिल हैं.
टीम ने क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल की जांच करते हुए आरोपी तक पहुंचने और उसे गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक सम्मान कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया. उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए अच्छा काम करने वाले कर्मचारियों को लगातार प्रोत्साहित किया जाएगा.
कार्यक्रम में नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र व शील्ड देकर सम्मानित किया. अभियान के दौरान ई शपथ वर्ल्ड रिकॉर्ड में सहभागिता करने वाली पुलिस इकाइयों, प्रशिक्षण संस्थानों, विभिन्न थानों और पुलिस लाइन को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए. इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आर.के. सिंह सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
