हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से तीन जिंदा जले

बालाघाट। बिजली की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से तीन लोग जिंदा जल गए। हादसा लांजी थाना इलाके में मंगलवार सुबह करीब 8.30 बजे हुआ। तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे और बाइक से देवलगांव के दुर्गा मंदिर जा रहे थे।

मृतकों की पहचान सर्रा निवासी सेवकराम पांचे (30), उनकी पत्नी रेणुका पांचे (28) और भाई भोजराज पांचे (28) के रूप में हुई है। पूर्व सरपंच का कहना है कि शव करीब एक घंटे तक जलते रहे।

एसडीएम कमल चंद्र सिंहसार ने बताया- हाईटेंशन लाइन के ऊपर पेड़ की एक डाली गिर गई। इससे तार टूटकर सड़क पर आ गया। इसी दौरान मंदिर जा रहे लोगों की बाइक उसमें उलझ गई। बिजली चालू होने की वजह से बाइक ने आग पकड़ ली। बाइक सवार तीनों लोगों को संभलने का भी मौका नहीं मिला। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, बिजली कंपनी का अमला और लांजी विधायक राजकुमार कर्राहे मौके पर पहुंचे। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए लांजी सिविल अस्पताल पहुंचाया।

एक घंटे तक जलते रहे शव

सर्रा गांव के पूर्व सरपंच चुन्ने लाल हरदे ने कहा- शव करीब एक घंटे तक आग में झुलसते रहे। उन्होंने बताया कि सेवकराम हैदराबाद में मजदूरी करते थे। बरसात के दौरान खरीफ सीजन में खेती के लिए घर लौटे थे। उनकी एक बेटी है। भोजराज, सेवकराम के चाचा का लड़का था। उसकी दो बेटियां हैं। कई बार इलाके में झूलते बिजली के तारों और जर्जर खंभों की शिकायत की गई लेकिन बिजली विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।

पेड़ की डाली गिरने से तार टूटा

लांजी बिजली विभाग के जेई अविनाश देशमुख ने बताया कि रात से हो रही बारिश के कारण जंगल क्षेत्र में पेड़ की बड़ी डाली टूटकर नीचे 11 केव्ही की लाइन पर गिरी। जिससे तार टूटकर नीचे आ गया था। जिस जगह में यह हादसे हुआ है, वह मोड़ एरिया होने से तार दिखाई नहीं दिया होगा, जिसके कारण, वह तार की चपेट में आ गए। घटना के बाद तार को जोड़ने का काम जारी है।

Next Post

स्वर्ण रेखा नदी के पुल के नीचे मिला लावारिस व्यक्ति का शव

Tue Jun 24 , 2025
ग्वालियर। रानीपुरा राजामंडी पुल के नीचे स्वर्ण रेखा नदी के पुल के नीचे नाली में एक लावारिस व्यक्ति का शव फायर ब्रिगेड कर्मचारियों द्वारा बाहर निकाला गया है। हजीरा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची हैं। पुलिस जांच में जुटी है। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। Facebook Share […]

You May Like