
सिवनी, कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत जिला मुख्यालय से लगभग 3 किलोमीटर दूर नागपुर रोड स्थित हरिदर्शन नगर के पास छोटी पुलिया क्षेत्र में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश के कारण उफनाए नाले के बहाव में 4 वर्षीय मासूम ऋषि यादव, पिता लोकेश यादव, बह गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक तेज बहाव में मासूम के बहने पर उसकी मां सुनीता यादव बेटे को बचाने के लिए नाले में कूद गईं। स्थानीय लोगों ने मां को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तेज बहाव के कारण मासूम ऋषि दूर तक बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम पूर्ति तिवारी, तहसीलदार राधिका पाठक, कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी, होमगार्ड तथा एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर लगभग 500 मीटर दूर से मासूम का शव बरामद किया गया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नदी, नाले, पुल-पुलिया और रपटों पर पानी होने की स्थिति में उन्हें पार करने का प्रयास न करें तथा सुरक्षा संबंधी सभी सावधानियों का पालन करें।
