
इंदौर. स्वच्छता में लगातार देशभर में नंबर वन रहने वाला इंदौर अब नियम-कानून के पालन और कमाई में भी आगे निकल रहा है. इंदौर रेलवे स्टेशन ने प्लेटफार्म टिकट की बिक्री से सबसे ज्यादा आय अर्जित की है. खास बात यह है कि यहां यात्रियों को छोड़ने और लेने आने वाले परिजन भी जागरूकता दिखाते हुए नियमित रूप से प्लेटफार्म टिकट खरीदते हैं.
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में इंदौर, उज्जैन, महू, नागदा और रतलाम प्रमुख स्टेशन हैं. 1 जनवरी से 25 फरवरी 2025 तक प्लेटफार्म टिकट से 1 करोड़ 58 लाख रुपए की आय हुई, जिसमें अकेले इंदौर स्टेशन से 94 लाख 77 हजार 750 रुपए जुटाए गए. उज्जैन से 35 लाख 11 हजार 430 रुपए, रतलाम से 21 लाख 66 हजार 290 रुपए, नागदा से 4 लाख 38 हजार 790 रुपए और महू स्टेशन से 2 लाख 95 हजार 70 रुपए की कमाई हुई. रेलवे सलाहकार समिति मुंबई के पूर्व सदस्य जगमोहन वर्मा ने बताया कि इंदौर स्टेशन पर सिर्फ प्लेटफार्म टिकट ही नहीं, बल्कि यात्री टिकटों से भी सालाना करीब 1 अरब रुपए की आय दर्ज की गई है. यह इंदौर के अनुशासन और नियमों के पालन का प्रमाण है.
