इंदौर:खंडवा जिले के पुनासा में कार्यरत एक शिक्षक की इंदौर में अपने बेटे के घर पर अचानक हार्ट अटैक आने से मौत हो गई. शिक्षक अपने बीमार छोटे भाई की तबीयत देखने और उनसे मिलने के लिए इंदौर आए हुए थे.मृतक अशोक पिता मोतीलाल उम्र 56 साल निवासी पुनासा, खंडवा पेशे से शिक्षक थे. इंदौर के भंडारी अस्पताल में उनके छोटे भाई गंभीर बीमारी के चलते भर्ती हैं. भाई के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने के बाद अशोक उनकी देखरेख और मुलाकात के लिए खंडवा से इंदौर आए थे.
अस्पताल में भाई से मिलने के बाद शिक्षक अशोक कुमार इंदौर के स्कीम नंबर 134, खजराना स्थित अपने बेटे के निवास पर रुके हुए थे. इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और तबीयत बिगड़ने लगी. परिजन जब तक उन्हें संभालते और चिकित्सीय सहायता मुहैया कराते, उन्हें गहरा साइलेंट हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर खजराना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है.
