स्विट्जरलैंड में अमेरिका-ईरान की शुरुआती बातचीत शुक्रवार को होगी: स्विस सरकार

वॉशिंगटन/जिनेवा, 18 जून (वार्ता) स्विट्जरलैंड के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच शुरुआती बातचीत शुक्रवार को स्विट्जरलैंड के पहाड़ी रिसॉर्ट बुर्गेनस्टॉक में होने की उम्मीद है।
मंत्रालय ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन द्वारा “इस्लामाबाद मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग” समझौते की एक प्रति पर हस्ताक्षर करने के बाद यह पुष्टि की है। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मौजूदा हालात के अनुसार, अमेरिका और ईरान, मध्यस्थ देशों पाकिस्तान एवं कतर तथा अन्य संबंधित देशों के साथ मिलकर कल बर्गेनस्टॉक में समझौते को लागू करने के बारे में शुरुआती बातचीत करने के लिए मिलेंगे।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि पाकिस्तान, कतर के साथ मिलकर, ईरान-अमेरिका समझौते के अवसर पर एवं और तकनीकी स्तर की बातचीत शुरू करने के लिए 19 जून को स्विट्ज़रलैंड में एक आधिकारिक समारोह आयोजित करेगा।

श्री शरीफ़ ने कहा कि अमेरिका और ईरान ने “इस्लामाबाद मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग” पर इलेक्ट्रॉनिक रूप से हस्ताक्षर किये थे और दोनों देशों के राष्ट्रपतियों के साथ-साथ मध्यस्थ के तौर पर उन्होंने भी इसे मंज़ूरी दी थी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, “यह समझौता तुरंत लागू हो रहा है, जिसके अंतर्गत ईरान होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोल रहा है और अमेरिका पहले कदम के रूप में अपनी नौसैनिक नाकेबंदी हटा रहा है।” इस बीच, स्विस सरकार ने पुष्टि करते हुए बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच शुरुआती बातचीत शुक्रवार को ल्यूसर्न के पास बर्गनस्टॉक रिज़ॉर्ट में ही होगी।
मंत्रालय ने कहा, “मौजूदा हालात के मद्देनजर योजना यही है कि अमेरिका और ईरान, मध्यस्थ देशों पाकिस्तान एवं कतर तथा अन्य संबंधित देशों के साथ मिलकर कल बर्गेनस्टॉक में समझौते को लागू करने के बारे में शुरुआती बातचीत के लिए बैठक करेंगे।”स्विस अधिकारियों ने कहा कि उस स्थान की सुरक्षा के लिए लगभग 2,000 सैनिकों को तैनात किया जाएगा और 18 जून से 20 जून तक उस इलाके में ‘नो-फ्लाई ज़ोन’ लागू किया जा रहा है। श्री शरीफ़ ने ईरान की बातचीत करने वाली टीम की कोशिशों की तारीफ़ की, जिसमें मोहम्मद बाक़र ग़ालिबाफ़, अब्बास अराघची और एस्कंदर मोमेनी शामिल हैं। उनके सब्र, लगन एवं बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की प्रतिबद्धता ने इस समझौते को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई है। इस विवाद को सुलझाने में क्षेत्रीय देशों की भूमिका की सराहना करते हुए पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं इस मुकाम तक पहुंचने में मदद करने के लिए कतर के नेतृत्व की ईमानदार कोशिशों एवं रचनात्मक भागीदारी की विशेष रूप से सराहना करना चाहता हूं। इसके साथ ही, मैं सऊदी अरब, तुर्की और मिस्र के नेतृत्व की भी उनके अहम योगदान एवं महत्वपूर्ण भूमिका के लिए बहुत तारीफ़ करता हूं।”

.....

Next Post

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ ने बतौर मध्यस्थ 'इस्लामाबाद एमओयू' पर किए दस्तखत

Thu Jun 18 , 2026
इस्लामाबाद, 18 जून (वार्ता) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बतौर मध्यस्थ ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन पर दस्तखत किए। पाकिस्तानी मीडिया ने प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान का हवाला देते हुए कहा कि पाकिस्तान की तरफ से मध्यस्थता के अंतिम समर्थन दस्तावेज पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड […]

You May Like