
छतरपुर। छतरपुर जिले के नौगांव में आर्मी कैंट की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ईशानगर रोड पर चल रहे एक निर्माण कार्य को सेना और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में रुकवा दिया गया। यह कदम कैंट क्षेत्र से सटे इलाकों में लागू सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की आशंका के चलते उठाया गया।
मौके पर पहुंचे सेना के जवानों ने बताया कि सेना के नियमानुसार कैंट की बाहरी दीवार से 100 से 500 गज की परिधि में पक्का निर्माण प्रतिबंधित है। इसी प्रावधान का हवाला देते हुए निर्माण को तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या टकराव की स्थिति से बचने के लिए नौगांव थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति को नियंत्रित रखा।
नौगांव थाना प्रभारी टीआई बाल्मीकि चौबे ने बताया कि सेना की ओर से नियमों के संबंध में एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ था। उसी के आधार पर कार्रवाई की गई है। फिलहाल निर्माण कार्य स्थगित कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच संबंधित विभागों द्वारा की जा रही है।
जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई नियमों के अनुरूप तय की जाएगी।
