
दमोह। वनमण्डलाधिकारी ईश्वर जरांडे व अनुविभागीय अधिकारी (वन) एम.डी. मानिकपुरी के निर्देशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रम चौधरी द्वारा अवैध सागौन परिवहन के विरुद्ध कार्यवाही की गई।कार्यवाही के दौरान एक ऑटो द्वारा सागौन लकड़ी ले जाने की सूचना प्राप्त हुई।सूचना पर वन अमला दमोह बाईपास स्थित कंकाली चौराहा के पास तैनात किया गया। संदिग्ध ऑटो के पहुंचते ही उसे रोककर जांच की गई, जिसमें पीछे की सीट एवं उसके पीछे 08 नग सागौन की लकड़ी (लट्ठा ) अवैध रूप से परिवहन करते पाई गई।पूछताछ में चालक ने अपना नाम तन्नू यादव, पिता मन्नूलाल यादव, निवासी मरहर तथा साथ में मौजूद व्यक्ति ने छोटू ठाकुर, पिता कल्लू ठाकुर, निवासी मानसापाठ बताया। आरोपियों ने लकड़ी ग्राम टपरियाऊ से दमोह लाना स्वीकार किया।तत्काल वैधानिक कार्यवाही करते हुए ऑटो व 08 नग सागौन लकड़ी जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा वन अधिनियम के अंतर्गत आगे की कार्यवाही की जा रही है। इस कार्यवाही में परिक्षेत्र सहायक दमोह पश्चिम देवेंद्र शुक्ला, वन रक्षक राकेश सरवरिया, अमन ठाकुर, लच्छू अहिरवार, हरिशंकर अहिरवार, मूल सिंह इत्यादि की अहम भूमिका रही।
