पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन फिलहाल नहीं , भूपेश ने अटकलों पर लगाया विराम

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (वार्ता) पंजाब प्रदेश कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान और नेतृत्व में बदलाव की अटकलों के बीच पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को नहीं बदला जायेगा। श्री बघेल ने बुधवार को कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल से उनके आवास पर मुलाकात की। इससे पहले पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भी श्री वेणुगोपाल से मुलाकात की। दोनों बैठकों में पंजाब कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

सूत्रों के अनुसार श्री बघेल ने पंजाब कांग्रेस की स्थिति को लेकर अपनी विस्तृत रिपोर्ट भी के.सी. वेणुगोपाल को सौंपी है। रिपोर्ट के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कोई जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया। पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा, “मैं आपको रिपोर्ट के बारे में क्यों बताऊँ? मैंने पहले ही कहा है, यह कोई गुड्डा-गुड़िया का खेल नहीं है।” इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष को बदलने का कोई फैसला नहीं लिया गया है।

इस बीच पंजाब के पूर्व मंत्री राजकुमार वेरका ने भी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि यह पार्टी का आंतरिक मामला है और चुनाव की तैयारियों के मद्देनज़र शीर्ष नेतृत्व समय-समय पर नेताओं से चर्चा करता रहता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी नेता को कोई शिकायत है तो पार्टी हाईकमान के दरवाजे हमेशा खुले हैं। सभी नेताओं को अपनी बात रखने का अधिकार है और अंततः सभी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और के.सी वेणुगोपाल के नेतृत्व में पार्टी के फैसलों का पालन करेंगे।

गौरतलब है कि पंजाब कांग्रेस में पिछले कुछ समय से गुटबाजी चरम पर है। पार्टी का एक धड़ा मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व को लेकर असंतुष्ट बताया जा रहा है और नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें लगातार लगायी जा रही थीं , हालांकि श्री बघेल के ताजा बयान के बाद फिलहाल इन अटकलों पर विराम लग गया है और संकेत मिले हैं कि विधानसभा चुनाव से पहले संगठन में किसी बड़े फेरबदल की संभावना नहीं है।

.....

Next Post

ट्रंप ने ईरान के पुलों एवं बिजली संयंत्रों पर हमले की धमकी दी

Wed Jul 15 , 2026
वाशिंगटन, 15 जुलाई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि ईरान वार्ता की मेज पर लौटने से इनकार करता है, तो अमेरिका अगले सप्ताह की शुरुआत में ही ईरान के पुलों और बिजली संयंत्रों को निशाना बना सकता है। दोनों देशों के बीच लगातार चौथे […]

You May Like