जबलपुर: सिविल लाइन थाना अंतर्गत साईं बाबा मंदिर के पास लाइन शिफ्टिंग के काम के दौरान करंट की चपेट में आने से एक कर्मचारी की मौत हो गई ।सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, साईं बाबा मंदिर के समीप बिजली विभाग की एक टीम द्वारा विद्युत लाइनों को शिफ्ट करने का कार्य किया जा रहा था। इस तकनीकी कार्य को सुरक्षित रूप से अंजाम देने के लिए विभाग ने 33 केवी मुख्य लाइन का शटडाउन लिया था। लेकिन, समीप ही गुजर रही 11 केवी की दूसरी लाइन चालू थी । संदीप भूरिया (25), भेड़ाघाट निवासी ठेकेदार के अधीन काम कर रहा था।
संदीप ने सोचा कि 11 केवी की लाइन भी शटडाउन के कारण बंद हैं। जैसे ही उसने काम शुरू करने के लिए 11 केवी लाइन को छुआ, उसे हाई वोल्टेज करंट का जोरदार झटका लगा। करंट इतना भीषण था कि संदीप सीधे हवा से धड़ाम से जमीन पर आ गिरा। आनन-फानन संदीप को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से ही मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी ।
