शेयर बाजारों में तेजी, सेंसेक्स 291 अंक चढ़ा

मुंबई, 22 जून (वार्ता) पिछले कारोबारी दिवस की गिरावट से उबरते हुए घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को तेजी रही और बीएसई का सेंसेक्स 291.17 अंक (0.38 प्रतिशत) चढ़कर 77,094.07 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 89.80 अंक यानी 0.37 प्रतिशत ऊपर 24,102.90 अंक पर बंद हुआ।

अमेरिका और ईरान के बीच अंतिम शांति समझौते के लिए चल रही वार्ता में प्रगति की खबरों से बाजार में निवेशकों का विश्वास मजबूत हुआ है।

वृहत बाजार में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.37 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.60 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ।

एफएमसीजी और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में रहे। सबसे ज्यादा तेजी मीडिया, फार्मा और स्वास्थ्य सेक्टरों में देखी गयी। इनके बाद तेल एवं गैस और आईटी सेक्टरों का स्थान रहा।

सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा का शेयर दो प्रतिशत के करीब चढ़ा। सन फार्मा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंफोसिस और बीईएल में भी एक प्रतिशत अधिक तेजी रही। बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, भारतीय स्टेट बैंक, भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी हरे निशान में रहे।

एशियन पेंट्स का शेयर दो प्रतिशत से ज्यादा टूट गया। टाइटन में एक फीसदी से अधिक की गिरावट रही। पावरग्रिड, ट्रेंट, आईटीसी, इटरनल, हिंदुस्तान यूनीलिवर और अडानी पोर्ट्स के शेयर भी नीचे रहे।

Next Post

अमेरिका-ईरान बातचीत में 'उत्साहजनक प्रगति', 60 दिनों में अंतिम समझौते के लिए योजना पर बनी सहमति

Mon Jun 22 , 2026
बर्गेनस्टॉक (स्विट्जरलैंड), 22 जून (वार्ता) अमेरिका और ईरान के बीच अंतिम समझौते तक पहुँचने के मकसद से हुई बातचीत का पहला दौर “सकारात्मक” रहा है और मध्यस्थ देशों कतर और पाकिस्तान ने कहा है कि बातचीत में “उत्साहजनक प्रगति” हुई है। पिछले सप्ताह वाशिंगटन और तेहरान के बीच शुरुआती समझौते […]

You May Like