आसनसोल, (वार्ता) पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिला प्रशासन ने एक अक्टूबर तक के अद्यतन आंकड़े जारी किए गए हैं, जिसके अनुसार बीते साढ़े पांच महीनों में जिले में 88,698 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। इसके साथ ही जिले में पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या बढ़कर 19,77,649 हो गई है।
पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम ने फोटो मतदाता सूची के आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) को लेकर एक सर्वदलीय बैठक बुलाई, जिसमें सभी राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया गया था।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, 15 मार्च को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में 18,88,698 मतदाता दर्ज थे, जिसकी तुलना में यह नई वृद्धि नए पंजीकरणों और स्थानांतरित होकर आए मतदाताओं के कारण हुई है।
संख्या में वृद्धि के बावजूद, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत विचाराधीन श्रेणी में रखे गए मतदाताओं की स्थिति पर अनिश्चितता बनी हुई है।
जिले में कुल 1,37,539 मतदाताओं को जांच के घेरे में रखा गया था, जिनमें से अब तक केवल 4,000 मामलों का ही निस्तारण हो सका है। निपटाए गए मामलों में लगभग 85 प्रतिशत निर्णय मतदाताओं के पक्ष में आए हैं, जबकि लगभग 1.33 लाख मामले अब भी लंबित हैं।
जिला प्रशासन ने वार्षिक मतदाता पुनरीक्षण का कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है। इसके तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 23 नवंबर को होगा, जबकि नागरिक 23 नवंबर से 22 दिसंबर के बीच अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। सभी दावों का निस्तारण आठ जनवरी 2027 तक किया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 16 जनवरी 2027 को होगा।
