
बुधनी। एमपी खेलो यूथ गेम्स के तहत प्रदेश के विभिन्न संभागों में खेल महोत्सव आयोजित किया जा रहा है. इसी कड़ी में कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन उज्जैन में किया जा रहा है. जिसमें नगर की बेटी अनुष्का शिवहरे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर नगर और जिले का नाम रोशन किया है.
कुश्ती प्रतियोगिता में अनुष्का ने कड़े मुकाबलों के बीच अपनी प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए प्रतिद्वंद्वियों को पराजित किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया. अनुष्का की सफलता पर नगर के गणमान्य नागरिकों, खेल प्रेमियों एवं मित्रों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. लोगों ने कहा कि अनुष्का की यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणादायक है और इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा वह भी खेलों में प्रदेश का नाम रोशन करेंगे.
