सतना: सोववार को सतना सांसद गणेश सिंह रीवा में संभागायुक्त बीएस जामोद व टीएचपी -बांणसागर परियोजनाओं के अभियंताओं के साथ बैठक की और टमस जल विद्युत परियोजना तथा बाणसागर परियोजना से प्रभावित किसानों के लंबित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस बैठक में किसानों की जमीन लौटाने, मुआवजे और पुनर्वास से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श हुआ, जिसके बाद आयुक्त ने इन मुद्दों को शासन स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया।
सांसद श्री सिंह ने जोर देकर कहा कि इन समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को न्याय मिल सके। सांसद के साथ बैठक रीवा कमिश्नर कार्यालय में आयोजित की गई थी, जिसमें कलेक्टर मैहर, वर्चुअल माध्यम से कलेक्टर सतना, एसडीएम रामनगर, एसडीएम रामपुर बाघेलान आरएन खरे , टोंस हाइडल प्रोजेक्ट के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर, बाणसागर परियोजना के अधिकारी साथ ही टमस जल विद्युत परियोजना और बाणसागर के प्रभावित किसान भी उपस्थित रहे। सभी पक्षों ने अपने-अपने मसलों में आ रही समस्याओं को रखा और समस्याओं के समाधान पर सहमति जताई।
