
पन्ना। जिले में जमीन फर्जीवाड़े का बड़ा मामला उजागर हुआ है। आदिवासी महिलाओं ने कलेक्टर सुरेश कुमार और थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के बाद पुलिस ने कांग्रेस नेता श्रीकांत दीक्षित, अनुपम त्रिपाठी और फर्जी विक्रेता राजाराम गोड के खिलाफ धारा 420, 120-बी एवं एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। शिकायतकर्ता संतोष रानी आदिवासी और उनकी बहन कुशुमरानी ने बताया कि उनके दिवंगत पिता जगोला गोड के नाम पर ग्राम मनौर में 2 हेक्टेयर पैतृक भूमि थी। उनकी अंधी मां के कारण आरोपी राजाराम को झूठा भाई दिखाकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन को अपने नाम कराया गया। आरोपियों ने इस पैतृक भूमि का फर्जी विक्रय पत्र बनवाकर राजस्व अभिलेखों में दर्ज करा लिया। वर्ष 2022 में सच्चाई सामने आने पर महिलाओं ने कलेक्ट्रेट और थाने में शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
