भाजपा ने आयोजित किया ‘संविधान हत्या दिवस’

चंडीगढ़, (वार्ता) कांग्रेस पार्टी द्वारा देश पर लगाए गए आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कमलम स्थित पार्टी मुख्यालय में ‘संविधान हत्या दिवस’ पर संगोष्ठी का आयोजन किया।

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आपातकाल के दौरान इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार द्वारा नागरिकों पर किए गए अत्याचारों के बारे में बताया।

श्री पुरी ने कहा कि 25 जून 1975 की रात को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने के लिए देश में आपातकाल लगाया था। संविधान की मूल भावना से खिलवाड़ करते हुए 21 दिनों में संविधान में 48 संशोधन किए गए। देश के 1,11,000 से ज्यादा नागरिकों को जेल में डाल दिया गया। प्रेस की आजादी छीन ली, अखबारों के कार्यालयों पर ताले लगा दिए गए, बिजली काट दी गई। खबरों पर सेंसरशिप लगा दी गई। श्रीमती गांधी के बेटे संजय गांधी के आदेश पर करीब 60 लाख लोगों को घरों से गिरफ्तार कर जबरन नसबंदी कर दी गई। इसके अलावा कई अविवाहित युवकों की भी नसबंदी कर दी गई। तुर्कमान गेट के पास बनी गरीबों की झुग्गी बस्ती को उजाड़ दिया गया और पुलिस की गोली में कई लोग मारे गए।

इस अवसर पर आपातकाल के दौरान मीसा कानून के तहत जेल गए लोकतंत्र के लिए आंदोलन करने वाले देशराज टंडन और जतिंदर चोपड़ा को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया गया।

पेट्रोलियम मंत्री पुरी ने पार्टी मुख्यालय कमलम में आपातकाल पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने भाजपा कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

 

Next Post

विंबलडन चैंपियन क्रेजिकोवा चोट के कारण ईस्टबोर्न से बाहर

Fri Jun 27 , 2025
लंदन, (वार्ता) विंबलडन चैंपियन बारबोरा क्रेजिकोवा ने जांघ की चोट के कारण ईस्टबोर्न से नाम वापस ले लिया है। चेक गणराज्य की खिलाड़ी को अपने दोनों मैचों में तीन सेटों तक जाना पड़ा, जिसमें उन्होंने क्रमशः पहले और दूसरे राउंड में ब्रिटेन की हैरियट डार्ट और जोडी बर्रेज को हराया। […]

You May Like