नयी दिल्ली 19 जनवरी (वार्ता) विदेशी बाजारों के मिलेजुले रुख के बीच स्थानीय स्तर पर मांग निकलने से बीते सप्ताह दिल्ली थोक जिंस बाजार में खाद्य तेलों में 879 रुपये प्रति क्विंटल तक का उबाल आ गया जबकि दालें सस्ती रहीं वहीं अन्य जिंसों के भाव स्थिर रहे।
तेल-तिलहन : वैश्विक स्तर पर मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का फरवरी वायदा सप्ताहांत पर 259 रिंगिट लुढ़ककर 4441 रिंगिट प्रति टन पर आ गया। वहीं, फरवरी का अमेरिकी सोया तेल वायदा 5.29 सेंट उबलकर 45.54 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
इस दौरान खाद्य तेलों में तेजी का रुख रहा। सरसों तेल 110 रुपये, मूंगफली तेल 220 रुपये, सोया रिफाइंड 587 रुपये, पाम ऑयल 366 रुपये और वनस्पति तेल 879 रुपये प्रति क्विंटल उबल गए। वहीं, सूरजमुखी तेल के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ और वह पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर पड़ा रहा।
सप्ताहांत पर सरसों तेल 16923 रुपये प्रति क्विंटल, मूंगफली तेल 19121 रुपये प्रति क्विंटल, सूरजमुखी तेल 15897 रुपये प्रति क्विंटल, सोया रिफाइंड 15385 रुपये प्रति क्विंटल, पाम ऑयल 13919 रुपये प्रति क्विंटल और वनस्पति तेल 16849 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा।
