सीधी: पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत द्वारा संचालित विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार 2.0 के अंतर्गत जिले में नशे के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के नेतृत्व में थाना जमोड़ी पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है।
मुखबिर सूचना पर की गई सटीक कार्यवाही दिनांक 22 मई 2026 को थाना जमोड़ी पुलिस ग्राम चौफाल कोठार क्षेत्र में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था ड्यूटी पूर्ण करने के पश्चात ग्राम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सजहवा-नेबूहा-कठौली मार्ग स्थित पुलिया के पास भारी मात्रा में अवैध नशीली कफ सिरप बिक्री हेतु छिपाकर रखी गई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में पुलिया के नीचे रखी 29 बोरियों की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान प्रत्येक बोरी में खाकी रंग के कार्टून में पैक आनरेक्श कफ सिरप की 120-120 सीलबंद शीशियां बरामद हुईं। कुल 3480 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप जप्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 96 हजार है। जप्त कफ सिरप में कोडीन फॉस्फेट मिश्रित होना पाया गया, जो एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत नियंत्रित मादक पदार्थ की श्रेणी में आता है। पुलिस द्वारा मौके पर विधिवत जप्ती एवं सीलबंदी की कार्यवाही की गई।
अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज थाना जमोड़ी में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 8, 21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 म.प्र. ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा अवैध नशीले पदार्थों के नेटवर्क, परिवहन एवं इसमें संलिप्त आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी जमोड़ी उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक गोविन्दलाल साकेत, प्रआर रावेन्द्र सिंह, महिला प्रआर कुसुमकली सिंह, प्रआर गुरु प्रसन्न सिंह, आरक्षक किसुनपाल सिंह सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
इनका कहना है
नशे के विरुद्ध सीधी पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले नशा कारोबारियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा। आमजन से अपील है कि नशे एवं अवैध गतिविधियों से संबंधित किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस से साझा करें, आपकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
संतोष कोरी, पुलिस अधीक्षक सीधी
