
खातेगांव। इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर खातेगांव के समीप नर्मदा रेस्टोरेंट के सामने शनिवार को कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। यह दर्दनाक हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कार चालक भी सिर में चोट लगने से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद शासकीय अस्पताल खातेगांव में मृतक के रिश्तेदारों की भी भीड़ लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवक शैलेंद्र पिता मेहरबानसिंह राजपूत उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम नीलकंठ अपनी मोटरसाइकिल से आ रहा। इसी दौरान नर्मदा रेस्टोरेंट के सामने नेमावर की ओर जा रही ऑल्टो कार से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि बाइक आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। युवक उछलकर सड़क पर जा गिरा, जिससे उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। वहीं कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक महेश राजपूत के सिर में चोट लग जाने से वह भी घायल हो गया।
मौके पर जुटी भीड़-
वाहनों के टकराने की तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर तत्काल मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही खातेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद बाइक सवार युवक को मृत घोषित कर दिया। घायल कार चालक का भी अस्पताल में उपचार जारी है।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया था, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर सुचारू कराया। मृतक के परिजनों की उपस्थिति में चिकित्सक द्वारा पोस्टमार्टम करके शव को शासकीय अस्पताल खातेगांव में सुरक्षित रखा है। मृतक शैलेंद्रसिंह के रिश्तेदारों के मुताबिक रविवार को अंतिम संस्कार नीलकंठ जिला सीहोर में किया जाएगा। पुलिस ने घटना में मर्ग कायम कर प्रकरण को जांच में लिया है। वही पुलिस द्वारा घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
