वाचनालय एवं कार्यालय में लगे ताले, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशजों ने व्यक्त किया रोष

जबलपुर। रविवार को गांधी भवन टाउन हॉल में शहर जिला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार संगठन प्रकोष्ठ की बैठक संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट प्रकाशचंद गोलछा की अध्यक्षता एवं प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज नामदेव, निर्मला जैन के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित की गई।

बैठक में उपस्थित सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशजों एवं उत्तराधिकारियों ने गांधी भवन टाउन हॉल स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के वाचनालय एवं कार्यालय पर लंबे समय से लगे ताले को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद से यह वाचनालय एवं कार्यालय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की धरोहर रहा है, किंतु वर्तमान में इस पर एक पक्ष द्वारा कब्जा कर ताला बंद रखा गया है। न तो यहां कोई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और न ही कार्यालय नियमित रूप से खोला जाता है।

तत्काल खुलवाया जाए ताला…

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिनके पास इस कार्यालय की चाबी एवं ताला है, वे तत्काल कार्यालय खुलवाकर उसकी जिम्मेदारी शहर जिला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष को सौंपें, ताकि यह विरासत स्वरूप कार्यालय पुन: नियमित रूप से संचालित हो सके। इस दौरान पदाधिकारियों द्वारा ये भी कहा गया कि यदि शीघ्र ही कार्यालय नहीं खोला गया, तो समस्त स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज एवं उत्तराधिकारी गांधी भवन परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष इस विरासत कार्यालय को यथावत प्रारंभ कराने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।

8 अगस्त को जबलपुर से रवाना होंगे उत्तराधिकारी

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 8 अगस्त को मध्यप्रदेश स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार प्रकोष्ठ द्वारा भोपाल के शिवाजी नगर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित होने वाले अगस्त क्रांति कार्यक्रम में जबलपुर से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों एवं उत्तराधिकारियों का एक बड़ा जत्था भोपाल के लिए रवाना होगा। बैठक का संचालन संगठन मंत्री पवन सोनी ने किया। इस मौके पर शहर जिला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष राजेन्द्र रज्जू सराफ, ग्रामीण अध्यक्ष नारायण सिंह शर्मा, केशव प्रसाद चौरसिया, श्रीमती आशा मालवीय, वी. हनुमत राव, सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज एवं उत्तराधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

ऋषिकांत सिंह ने भारत को दिलाया राष्ट्रमंडल खेलों में दूसरा पदक

Sun Jul 26 , 2026
ग्लासगो (स्कॉटलैंड) 26 जुलाई (वार्ता) भारतीय एथलीट ऋषिकांत सिंह चननबाम ने रविवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के 60किग्रा वर्ग में 151 किग्रा वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। यह राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का दूसरा पदक है। मलेशिया के अनीक कसदान ने 152 किग्रा वजन उठाकर स्वर्ण […]

You May Like