
सुसनेर। शहर में एक महिला को चकमा देकर अज्ञात बदमाश हजारों रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गया. वारदात को इतने शातिर तरीके से अंजाम दिया गया कि महिला को जब तक समझ आता, तब तक उसकी मेहनत की कमाई गायब हो चुकी थी. पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर में ग्राम परसुलिया खुर्द निवासी 26 वर्षीय महिला किरण शर्मा ने अपने परिवार के साथ सुसनेर की कृषि उपज मंडी में 35 क्विंटल 55 किलो गेहूं तोला था, जिसके बदले उसे करीब 82 हजार 690 रुपए मिले थे. रुपए लेकर उनके साथ मौजूद उसके चाचा नाश्ता लेने डॉक बंगला तिराहे पर स्थित भोला रेस्टोरेंट में अंदर चले गए. तभी एक अज्ञात व्यक्ति महिला किसान के पास आया और उनके कपड़ों पर चटनी गिरा दी. जब वे कपड़े साफ करने के लिए पास की पानी की टंकी पर गई, तभी उनकी रुपए से भरी थैली चोरी हो गई. महिला के अनुसार चोर ने बड़ी चालाकी से पहले कपड़ों पर चटनी गिराई, जिससे ध्यान भटक जाए और फिर पैसे लेकर फरार हो गया. महिला का मोबाइल वहीं पड़ा रहा, लेकिन रुपयों की थैली गायब हो गई. यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. इस मामले में पीडि़ता ने सुसनेर पुलिस थाने में घटना का आवेदन दिया है. सुसनेर पुलिस द्वारा मामले की तहकीकात शुरू कर सीसीटीवी फुटैज खंगाले जा रहे है.
