
उज्जैन। मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया उज्जैन में आयोजित ग्रामीण डाक सेवक सम्मेलन में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के समय में डाक सेवक केवल पत्र और पार्सल ही नहीं पहुंचा रहे हैं, बल्कि बैंकिंग, बीमा और अन्य वित्तीय सेवाओं के माध्यम से ग्रामीण जनता को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण कार्य भी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 16,800 से अधिक ऊर्जावान डाक सेवक अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जो गांव-गांव तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं को पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में 9,256 डाकघर संचालित हैं, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं और लोगों को उनके घर के पास ही वित्तीय सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में भी डाक सेवकों की प्रासंगिकता बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने, बीमा योजनाओं का लाभ दिलाने और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में डाक सेवक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी डाक सेवकों की प्रतिबद्धता और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि देश के विकास में ग्रामीण डाक सेवकों का योगदान अमूल्य है। उन्होंने उन्हें सरकार और समाज के बीच सेतु बताया।
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी डाक सेवकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों की सराहना की और कहा कि सरकार उनके हितों और सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में डाक सेवक और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
