
भोपाल। बैरागढ़ थाना पुलिस ने मंगलवार को एक 17 वर्षीय नाबालिग पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले चार बदमाशों को गिरफ्तार किया. इलाके में बदमाशों का पुलिस ने जुलूस निकालते हुए सुरक्षा का संदेश भी दिया. बदमाशों ने सोमवार को देर रात यह वारदात तब की, जब नाबालिग की दुकान के सामने ही आरोपी शराब पीने के लिए रूके थे. नाबालिग ने उन्हें कहीं और जाकर शराब पीने की बात कही. इससे नाराज होकर बदमाशों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में नाबालिग गंभीररूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है. मामला संज्ञान में लेकर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश की.
मिली जानकारी के मुताबिक मछली मार्केट में रहने वाला पीडि़त किशोर ग्यारहवीं कक्षा का छात्र है. उसके पिता घर के पास ही दुकान चलाते हैं. देर रात को नाबिलग दुकान पर था और उसके पिता किसी काम से कहीं गए थे. इस दौरान एक कार सवार चार युवक दुकान के सामने पहुंचे और शराब पीने लगे. नाबालिग ने युवकों से दुकान के सामने से कार हटाकर कहीं और शराब पीने की बात कही. इस बात से नाराज हो कर चारों बदमाशों ने नबालिग के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी. आरोपियों में से एक ने अपने पास रखी चाकू से नाबालिग पर जानलेवा हमला कर दिया. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची बैरागढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई की. गंभीररूप से घायल नाबालिग का इलाज अस्पताल में जारी है.
