
सिंगरौली। संविदा स्वास्थ्य कर्मियों के हड़ताल से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था चौथे दिन अस्त-व्यस्त हो गई हैं। संविदा स्वास्थ्य कर्मी सीएमएचओ दफ्तर के सामने अपनी मांगों को लेकर पूरे दिन नारेबाजी करते रहे। इस दौरान स्वास्थ्य आयुक्त के यहां से हड़ताल में शामिल स्वास्थ्य कर्मियों को चेतावनी भी दी गई है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत 20 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत् लगभग 32000 कर्मचारी प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएँ सुचारू रूप से देते आ रहे हैं। कोरोना काल जैसे गंभीर महामारी में भी अपने परिवार एवं जीवन की परवाह किए बगैर सेवाएँ दी हैं। इन्हीं सेवा-भाव को दृष्टिगत रखते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा दिनांक 4 जुलाई 2023 को भोपाल में महापंचायत बुलाकर संविदा कर्मचारियों के लिए अनेक घोषणाएँ की थी। जिसके परिपालन मे सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 23 जुलाई 2023 को संविदा कर्मचारियों के लिए एक नीति की सौगात दी गई। परन्तु राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोपाल के द्वारा संविदा कर्मचारियों को दी गई सुविधाओं में कटौती की गई है।
