
मण्डला। शुक्रवार को नगर पालिका टाउन हॉल में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर पर सम्मान सभा व विचार गोष्ठी का आयोजन भारतीय जनता पार्टी द्वारा किया गया। यहां मुख्य अतिथि के रूप जनजातीय कार्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ कुंवर विजय शाह, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, डॉ भीमराव अंबेडकर, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैल्य चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित से की गई। मंचासीन मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री का पगड़ी पहनाकर कर स्वागत किया गया। वहीं कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने शाह का शॉल श्रीफल से स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री शाह ने कहा कि भीमराव अंबेडकर सामाजिक समरसता, न्याय, भाईचारा, बंधुत्व और संविधान निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान है जो हमारी आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा देती है। हमें डॉ. अम्बेडकर के मार्ग पर चलकर उनके आदर्शों को अपनाना चाहिए। उन्होंने ने कहा कि बाबा साहब का सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया जो कि भारतीय रिजर्व बैंक है की स्थापना में बहुत बड़ा योगदान रहा है क्योंकि वे एक अर्थशास्त्री थे। इसलिए उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई उन्होंने लोगों को कृषि क्षेत्र और औद्योगिक गतिविधियों के विकास के लिए प्रेरित किया।
