रैंडेल प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पांच गेंदों में लगातार पांच विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने

नेपियर (न्यूजीलैंड), 08 मार्च (वार्ता) सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पांच गेंदों में लगातार पांच विकेट लेकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। ब्रेट रैंडेल ने रविवार को यह कारनामा प्लंकेट शील्ड मैच के दूसरे दिन नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट के खिलाफ मुकाबले में किया है। इसी के साथ वह प्रथम श्रेणी में यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले गेंदबाज बन गये।

रैंडेल का स्पेल इतना खतरनाक रहा कि नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट ने केवल नौ के स्कोर पर ही अपने पांच विकेट गंवा दिए। रैंडेल ने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर हेनरी कूपर को आउट करते हुए विकेट लेने का यह सिलसिला शुरू किया। अगले ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने राउंड द विकेट से आकर जीत रावल की गिल्लियां बिखेर दीं। दूसरी गेंद पर जो कार्टर को विकेट के पीछे कैच कराते हुए उन्होंने अपनी हैट्रिक पूरी की। रॉबर्ट ओ’डॉनेल ने अगली गेंद पर स्लिप में कैच थमाया। क्रिस्टियन क्लार्क ने अगली गेंद पर ऑफ स्टंप के बाहर बल्ला चलाया और गेंद अंदरुनी किनारा लेकर स्टंप में जा लगी। इस समय रैंडेल के गेंदबाजी आंकड़े 2.4-1-2-5 थे जिस पर भरोसा कर पाना बेहद मुश्किल था। थोड़ी ही देर बाद वह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में आठ गेंदों में छह विकेट लेने वाले भी पहले गेंदबाज बने थे।

अपनी उपलब्धि पर रैंडेल ने कहा, “मैं भरोसा नहीं कर पा रहा हूं। यह ऐसा लम्हा था जब मुझे लगा कि कोई आकर मुझे पिंच करे। मैं एकाग्र रहकर गेंद को एक ही जगह गिराने की कोशिश कर रहा था और हैट्रिक के बाद भी मैंने वही करना जारी रखा। मुझे इसका बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यह पहली बार हुआ ‘प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पांच गेंदों में पांच विकेट’। मेरे पास फिलहाल शब्द नहीं हैं। मैं ईमानदारी से कहूं तो मजा आया।”

रैंडेल को सात विकेट लेने के लिए केवल 3.5 ओवर ही लगे। उन्होंने 11 ओवर में 25 देकर सात विकेट झटक कर अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट की टीम केवल 82 के स्कोर पर ढेर हो गई और पहली पारी में 373 रन बनाने वाली सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ने उन्हें फॉलोऑन दे दिया।

टी-20 क्रिकेट में यह उपलब्धि कर्टिस कैम्फर के नाम है। उन्होंने डबलिन में मंस्टर रेड्स के लिए खेलते हुए नॉर्थ-वेस्ट वॉरियर्स के खिलाफ पांच गेंदों में पांच विकेट लिए थे।

 

 

Next Post

ली ताहुहू ने 15 साल के करियर के बाद एकदिवसीय क्रिकेट से लिया संन्यास

Sun Mar 8 , 2026
वेलिंगटन, 08 मार्च (वार्ता) न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज ली ताहुहू ने 15 साल के करियर के बाद एकदिवसीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। न्यूजीलैंड क्रिकेट वेबसाइट के अनुसार 2011 में ब्रिस्बेन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 20 साल की उम्र में एकदिवसीय क्रिकेट में पर्दापण करने […]

You May Like