वेलिंगटन, 08 मार्च (वार्ता) न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज ली ताहुहू ने 15 साल के करियर के बाद एकदिवसीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट वेबसाइट के अनुसार 2011 में ब्रिस्बेन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 20 साल की उम्र में एकदिवसीय क्रिकेट में पर्दापण करने वाली ताहुहू ने 103 एकदिवसीय मैच में न्यूजीलैंड का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने सफेद गेंद प्रारूप में 125 विकेट लिए हैं, जो इस फॉर्मेट में किसी गेंदबाज द्वारा लिए गए सबसे अधिक विकेट हैं। ताहुहू उन 12 खिलाड़ियों में से हैं जिन्होंने न्यूजीलैंड की महिला टीम के लिए 100 से अधिक एकदिवसीय मैच खेले हैं और आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के चार एडिशन का हिस्सा रही हैं।
2023 में महिला एकदिवसीय टीम ऑफ द ईयर चुनी गई ताहुहू ने कहा कि अब 50 ओवर के प्रारुप से दूर जाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा, “एकदिवसीय क्रिकेट में न्यूजीलैंड की शर्ट पहनना हमेशा से मेरे लिए खुशी और सम्मान की बात रही है। एक गेम खेलना एक कमाल का एहसास था। एकदिवसीय क्रिकेट में 100 से अधिक बार शर्ट पहनना और अपने देश और अपने परिवार को रिप्रेजेंट करना, ऐसा कुछ है जिसके बारे में मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था। मैं हर पल को संजो कर रखूंगी और वनडे गेम से इस फॉर्मेट में जो कुछ भी हासिल कर पाई हूं, उस पर बहुत गर्व के साथ जाऊंगी।”
न्यूजीलैंड टीम के मुख्य कोच बेन सॉयर ने टीम में उनके शानदार योगदान और एकदिवसीय क्रिकेट में उनके शानदार रिकॉर्ड के लिए ताहुहू की तारीफ की।
सॉयर ने कहा, “अपने देश की ऑल-टाइम लीडिंग विकेट-टेकर के तौर पर एक फॉर्मेट से हटना एक ऐसी अचीवमेंट है जिस पर ली को बहुत गर्व होना चाहिए। ली ने एकदिवसीय गेम की ऊंचाइयों को छुआ है और न्यूजीलैंड के लिए फॉर्मेट में गेंदबाजी के नए मानक तय किए हैं।”
ताहुहू टी-20 प्रारुप में न्यूजीलैंड का प्रतिनिधित्व करती रहेंगी, क्योंकि टीम इस साल जून और जुलाई में ब्रिटेन में होने वाले आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप में अपना खिताब बचाने की तैयारी कर रही है।
उन्होंने कहा, “आगे बहुत सारी रोमांचक चीजे हैं, और मैं टी-20 प्रारुप में इस टीम में अपना योगदान देना जारी रखने के लिए उत्सुक हूं। 2024 में टी-20 विश्व कप जीतना एक बहुत बड़ी उपलब्धि थी और मैं इस साल के आखिर में इंग्लैंड में इस टीम को अपना टाइटल बचाने में मदद करने के लिए सच में मोटिवेटेड हूं।”
