
इंदौर. शहर में यातायात को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की मुहिम के तहत पुलिस ने तेजाजी नगर चौराहे पर एक बुलेट बाइक जब्त की. बाइक नम्बर एमपी 09 वीआर 2542 का चालक सूरज मालवीय अपने साथी के साथ तेज रफ्तार में लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था. साइलेंसर से पटाखानुमा तेज आवाज निकल रही थी, जिससे ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था. यातायात सूबेदार अमित कुमार यादव और आरक्षक आशीष ने बाइक का दो किलोमीटर तक पीछा कर गांव के पास चालक को पकड़ा. सहायक पुलिस आयुक्त जोन-3 हिंदू सिंह मुवेल के निर्देश पर वाहन को विभिन्न यातायात उल्लंघनों बच्चों से वाहन चलवाना, अनाधिकृत चालक, बीमा उल्लंघन, अमानक नंबर प्लेट और ध्वनि प्रदूषण के तहत जब्त कर लिया. आरोपी पर 7 हजार का कोर्ट चालान बनाते हुए बुलेट को तेजाजी नगर थाने में खड़ा करवा लिया.
