
नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इतिहास का सबसे शौकीन व्यक्ति करार देते हुए शनिवार को कहा कि उन्होंने अपना नया आवास भी ‘शीशमहल’ जैसा बना लिया है।
दिल्ली सरकार के लोक निर्माण मंत्री एवं भाजपा नेता प्रवेश साहिब सिंह ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कि आप का मतलब ‘आलीशान आदमी पार्टी’ है। इस दौरान, उन्होंने श्री केजरीवाल के नये घर की तस्वीर जारी करते हुए उनकी तुलना फिल्म ‘धुरंधर’ के ‘रहमान डकैत’ से की और कहा कि उन्होंने (श्री केजरीवाल) दिल्ली के बाद अब पंजाब में भी दूसरा ‘शीशमहल’ बना लिया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनाव हारने के बाद श्री केजरीवाल पंजाब चले गये। वहां मुख्यमंत्री भगवंत मान के सरकारी आवास के आस-पास चार घरों पर श्री केजरीवाल, तथा आप नेता सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह ने कब्जा कर लिया। श्री केजरीवाल ने वहां दूसरा ‘शीशमहल’ तैयार कर लिया है।
गौरतलब है कि अदालत के आदेश के बाद केन्द्र सरकार ने श्री केजरीवाल को 95, लोधी एस्टेट में सरकारी आवास आवंटित किया था। उन्होंने शुक्रवार को परिवार के साथ इस घर में प्रवेश किया। श्री सिंह ने श्री केजरीवाल के इस आवास की मरम्मत में हुए खर्च को लेकर भी उन पर हमला बोला। उन्होंने श्री केजरीवाल के नये घर की तस्वीरें दिखाकर हैरानी जतायी और कहा, “वहां भी उन्होंने खूब खर्च किया है। यह सरकारी घर है, लेकिन इसमें सरकारी पैसा नहीं लगा है।”
उन्होंने कहा कि पहले ‘शीशमहल’ (6, फ्लैग स्टाफ रोड, मुख्यमंत्री आवास ) पर भारी खर्च को लेकर जब सवाल उठे तो श्री केजरीवाल ने दावा किया था कि सजावट का फैसला पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता ने लिया था और उन्हें खर्च की जानकारी नहीं थी। अब नये घर पर वह ऐसा दावा नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा कि जो नेता कभी साधारण बंगला भी नहीं लेने की बात करते थे आज खुद ‘शीशमहल’ में रह रहे हैं। दिल्ली में कोरोना महामारी, पानी और बिजली की कमी के समय भी श्री केजरीवाल गायब होकर ‘शीशमहल’ बनाने में लगे रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘शीशमहल’ श्री केजरीवाल के भ्रष्टाचार का सबूत है। मुख्यमंत्री के वेतन से ऐसा आलीशान घर नहीं बन सकता। उन्हें बताना चाहिए कि इस पर शराब घोटाले का पैसा लगाया गया या नहीं।
श्री सिंह ने कहा कि श्री केजरीवाल के अंदर ‘शीशमहल’ बस चुका है। इस कारण उन्हें दिल्ली और पंजाब की जनता का दुख दिखाई नहीं देता। आप कार्यकर्ता पूरी जिंदगी मेहनत करें तब भी ऐसा मकान नहीं बना सकते। इस दौरान उन्होंने सवाल किया कि श्री केजरीवाल बतायें कि लोधी रोड वाले बंगले में जितना पैसा लगा है। उन्होंने कहा, “यह पैसा कहां से आया और किसका है? क्या आपकी विलासिता के कारण आप के कार्यकर्ता आपको छोड़ रहे हैं? बार-बार आलीशान शीशमहल बनाने की उन्हें क्या जरूरत पड़ रही है? पहले शीशमहल में शराब का पैसा लगा था, इस बार किसका पैसा लगा है?”
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में श्री केजरीवाल सबसे शौकीन व्यक्ति हैं। नाम आम आदमी पार्टी रखा, लेकिन काम राजा-महाराजाओं वाला है। पार्टी का नाम ‘आम आलीशान पार्टी’ होना चाहिए। पार्टी से सात राज्यसभा सांसदों के इस्तीफे और भाजपा में शामिल होने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि ईमानदार कार्यकर्ता अब श्री केजरीवाल के साथ नहीं रह सकते।
