टाटा स्टील ने 1,755 करोड़ के नोटिस के खिलाफ दायर किया पुनरीक्षण आवेदन

मुंबई, 25 अप्रैल (वार्ता) टाटा समूह की इस्पात कंपनी टाटा स्टील ने झारखंड के रामगढ़ जिला खनन कार्यालय (डीएमओ) के 1,755 करोड़ के नोटिस को चुनौती देते हुए केंद्रीय कोयला मंत्रालय के पास पुनरीक्षण के लिए आवेदन दिया है।

कंपनी को यह नोटिस वित्त वर्ष 2000-01 से 2006-07 के बीच उसकी पश्चिमी बोकारो कोयला खदान में तय सीमा से अधिक अयस्क कोयला खनन के लिए जारी किया गया है। आरोप है कि कंपनी ने इस दौरान सीमा से 1,62,40,399 टन ज्यादा अयस्क कोयला निकाला था। इसके लिए उससे 1755 करोड़ 10 लाख 54 हजार 29 रुपये की मांग की गयी है।

यह नोटिस उसे 03 अप्रैल को प्राप्त हुआ था जिस पर 30 मार्च की तारीख है।

कंपनी ने शुक्रवार देर रात शेयर बाजार को डीएमओ रामगढ़ के नोटिस के खिलाफ दायर आवेदन की जानकारी देते हुए कहा कि इस मांग में अधिकार क्षेत्र का उल्लंघन किया गया है और इसका कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है। उसने इसके खिलाफ 24 अप्रैल को केंद्रीय कोयला मंत्रालय के पुनरीक्षण प्राधिकरण के समक्ष आवेदन किया है।

इस आवेदन में राज्य से खनन एवं भू-भौतिकी विभाग के जरिये झारखंड राज्य को और रामगढ़ डीएमओ को प्रतिवादी बनाया गया है।

Next Post

मानव ठक्कर, मानुष शाह, दिया चितले पूल में लौटे; सत्यन, मनिका को टीमों ने रिटेन किया

Sat Apr 25 , 2026
नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (वार्ता) भारतीय सितारे मानव ठक्कर, मानुष शाह और दिया चितले बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन 7 के खिलाड़ियों के पूल में सबसे आगे हैं। टीमों ने नीलामी से पहले दिग्गज खिलाड़ियों सत्यन ज्ञानशेखरन और मनिका बत्रा को रिटेन किया है। एक्शन से भरपूर सीजन सात, […]

You May Like