
चंदेरी। नगर में सड़क चौड़ीकरण और यातायात सुधार के लिए चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान प्रशासन ने यह संदेश दिया कि कानून के सामने कोई भी विशेष नहीं है। एसडीएम मनीष धनगर के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में दिल्ली दरवाजे चौराहे पर पूर्व विधायक गोपाल सिंह की दुकानों के सामने बनी अस्थायी सीढ़ियों को जेसीबी से हटाया गया।
प्रशासनिक अमले ने कार्रवाई से पहले सभी दुकानदारों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की समझाइश दी थी। कई लोगों ने स्वयं अतिक्रमण हटा लिया, लेकिन निर्धारित सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन ने बिना भेदभाव कार्रवाई की। इसी क्रम में पूर्व विधायक की दुकानों के सामने बनी सीढ़ियां भी हटाई गईं, जो सड़क की तय चौड़ाई में बाधा बन रही थीं।
तहसीलदार दिलीप दरोगा ने बताया कि सड़क का माप सेंटर से दोनों ओर 35-35 फीट लिया गया है, जिससे कुल 105 फीट चौड़ी सड़क सुनिश्चित की जा सके। इसी मानक के तहत सभी अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि कार्रवाई के साथ-साथ दुकानदारों के रोजगार का ध्यान रखा जा रहा है। सब्जी-फल विक्रेताओं के लिए पुरानी कलारी के सामने तथा अन्य दुकानदारों के लिए श्रीकुंज और रेस्ट हाउस के पास वैकल्पिक स्थान चिन्हित किए गए हैं।
अभियान के दौरान पूर्व जनप्रतिनिधि की दुकानों पर भी कार्रवाई होने से नगर में यह संदेश गया कि नियमों का पालन सभी के लिए समान है और सार्वजनिक हित में प्रशासन किसी तरह का भेदभाव नहीं करेगा।
