
ब्यावरा/करनवास। पुलिस ने लंबे समय से ट्रेडमार्क का दुरुपयोग कर नकली पशु आहार बेचने वाले एक व्यापारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में गुणवत्ताहीन खल और अन्य नकली सामग्री जब्त की है. आरोपी पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से प्रसिद्ध कंपनी के ब्रांड नाम का गलत इस्तेमाल कर किसानों को धोखा दे रहा था.
पुलिस के अनुसार करनवास थाना क्षेत्र के दामड़िया रोड स्थित ग्राम सुल्तानिया निवासी जीवन पिता दीपचंद जायसवाल (42) पशु आहार निर्माण का कार्य कर रहा था. आरोपी गोयनका कंपनी के डबल मशाल और गौरक्षक भोग ब्रांड के नाम से बाजार में उपलब्ध पुरानी बोरियां खरीदता था। इन बोरियों में वह अपनी स्वणों इंडस्ट्रीज द्वारा तैयार की गई गुणवत्ता विहीन खल भरकर उसे असली गोयनका पशु आहार बताकर ऊंचे दामों पर बेचता था।
जांच में सामने आया है कि इस फर्जीवाड़े को अंजाम देने के लिए आरोपी ने कई व्यापारियों को भी अपने साथ जोड़ा था। इनके माध्यम से किसानों को गोयनका कंपनी के रेट पर नकली पशु आहार बेचा जाता था, जिससे निर्माता और व्यापारी दोनों को भारी मुनाफा हो रहा था।
गोयनका इंडस्ट्रीज के डायरेक्टर संदीप गोयनका ने बताया कि आरोपी को कई बार समझाया गया था। उसने कार्रवाई से बचने के लिए भविष्य में ऐसा न करने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार ट्रेडमार्क का दुरुपयोग करता रहा। कंपनी द्वारा करीब 10 वर्ष पहले भी लिखित शिकायत पुलिस को दी गई थी, लेकिन उस समय कार्रवाई नहीं हो सकी। बाद में कंपनी ने फिर सक्रियता दिखाते हुए पुलिस प्रशासन को आरोपी की गतिविधियों से अवगत कराया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छापामार कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ ट्रेडमार्क अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
