टायर-ऑयल फैक्ट्री में भीषण आग, पास के गैस प्लांट पर मंडराया खतरा

रायपुर, 25 सितंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र के फेस-1 स्थित एक टायर जलाकर ऑयल बनाने वाली फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

अचानक उठे धुंए और लपटों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की करीब आधा दर्जन गाड़ियां लगातार मशक्कत कर रही हैं, लेकिन लपटें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हालात यह हैं कि कई किलोमीटर दूर तक आसमान में काला धुआं नजर आ रहा है।

चिंता की बड़ी वजह यह है कि घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर सड़क के उस पार आईओसी का वॉटलिंग रिफिलिंग प्लांट स्थित है, जहां घरेलू और वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों में भराई का काम होता है। ऐसे में आग की भयावहता ने खतरे को और बढ़ा दिया है।

फैक्ट्री में काम करने वाले श्रमिकों ने बताया कि सुबह अचानक आग भड़की। यहां न तो फायर सिस्टम की सुविधा है और न ही पर्याप्त इंतजाम। पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश नाकाम रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में आधा दर्जन से ज्यादा टायर-ऑयल फैक्ट्रियां संचालित हैं, जिनसे निकलने वाली जहरीली दुर्गंध पहले से ही आसपास के गांवों के लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

Next Post

सर्व शिक्षा अभियान का परियोजना समन्वयक दंपति 60 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Thu Sep 25 , 2025
मंडला: जिले में भ्रष्टाचार पर शिकंजा कसते हुए आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) जबलपुर ने शुक्रवार को सर्व शिक्षा अभियान के परियोजना समन्वयक अरविंद विश्वकर्मा और उनकी पत्नी आरती विश्वकर्मा को 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। आरोप है कि दंपति ने ककैया विकासखंड बिछिया स्थित […]

You May Like