करौली माता के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली पलटी, दो की मौत, 18 घायल

मुरैना:रामपुर थाना क्षेत्र के बामसोली गांव में भीषण सड़क हादसा हुआ है। श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर की ट्रॉली सड़क पर पलट गई। इस हादसे में दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई, वहीं 18 सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को ग्रामीणों ने वाहनों से सबलगढ़ अस्पताल भिजवाया। जहां दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाकी का सबलगढ़ में इलाज किया जा रहा है।

हादसे के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई, जहां इस ट्रॉली को लोडर मशीन से सीधा कराया गया। रामपुरकलां गांव से लगभग 20 से 25 लोग संदीप धाकड़ के ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर करौली राजस्थान स्थित कैलादेवी के दर्शन करने के लिए गए थे। सभी इसी ट्रैक्टर ट्रॉली से वापस रामपुर आ रहे थे। रामपुर गांव से ठीक पहले बामसोली गांव में अचानक ही चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली सड़क पर पलट गई।

ट्रॉली पलटते चीख पुकार मच गई। चूंकि हादसा बामसोली गांव में हुआ तो ग्रामीण इकट्ठा हो गए और जल्द ही बचाव कार्य चालू कर दिया गया। तुलसी पत्नी संदीप धाकड़ उम्र 28 साल व संजना पुत्री महेंद्र धाकड़ उम्र 11 साल की मौके पर मौत हो चुकी थी, वहीं 18 महिला पुरुष व बच्चे घायल अवस्था में थे। ग्रामीणों ने इन घायलों को अपने निजी वाहनों से सबलगढ़ अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज शुरू किया गया। गंभीर घायल उर्मिला जादौन पत्नी भगवान सिंह जादौन उम्र 55 साल व नीतू धाकड़ पत्नी रामलखन धाकड़ उम्र 35 साल को जिला अस्पताल रेफर किया गया। सभी घायल व मृतक एक ही परिवार के हैं।

Next Post

अग्रवाल महासभा की बैठक में अग्रसेन जयंती के आयोजन की हुई सराहना

Mon Oct 6 , 2025
ग्वालियर: अग्रवाल महासभा ने महाराजा अग्रसेन जयंती के आयोजन की सराहना की है और भविष्य में अग्रवाल महासभा के आयोजन और वृहद स्वरूप में हो, इसके लिये चर्चा भी की। आज अग्रवाल महासभा की बैठक में पदाधिकारियों सहित विभिन्न कार्यक्रम संयोजकों व प्रमुख लोगों ने गत दिनों संपन्न आयोजन की […]

You May Like