
उज्जैन:धार्मिक नगरी उज्जैन में रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन 70, हजार से ज्यादा यात्रियों का आना जाना हो रहा है. यहां पर गर्मी के दिनों में पेय जल की सुविधा को लेकर लोग परेशान हैं. प्रयागराज महाकुंभ समाप्त होने के बाद साधु-संतों से लेकर आम दर्शनार्थी प्रतिदिन रेल मार्ग से उज्जैन आ रहे हैं. यहां स्टेशन पर 50 ट्रेन रोज गुजरती है.बावजूद इसके मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, लिफ्ट भी खराब है.
रेलवे स्टेशन पर सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर तमाम तरह के विकास कार्य किए जाने के दावे किए जा रहे हैं, नया स्टेशन बनाए जाने के साथ ही प्लेटफॉर्म का उन्नयन किया जा रहा है, साथ ही कुछ और विकास कार्य निर्माण कार्य भी चल रहे हैं.उधर,उज्जैन को केंद्र सरकार ने स्मार्ट सिटी में शामिल किया. रेलवे स्टेशन पर मल्टी फंक्शनल कांप्लेक्स भी बनाया. बावजूद इसके यात्री रेलवे स्टेशन पर पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं. उज्जैन के कई प्लेटफार्म पर यात्रियों को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है.
