
सतना।आस-पास स्थित दुकान में पुताई को लेकर हुआ विवाद इतना गहरा गया कि दो लोगों ने मिलकर न सिर्फ दुकानदार और उसके परिजनों के मारपीट की बल्कि पेट्रोल छिडक़कर दुकान को आग के हवाले कर दिया. इस घटना के चलते दुकानदार बुरी तरह झुलस गया. इस मामले में पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शनिवार शाम की बताई गई. लेकिन यह तब लोगों की जानकारी में आई जब घटना से संबंधित वीडियो अगले दिन सोशल मीडिया में वारइल होने लगा. बताया गया कि कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत दिदौंध गांव में रामप्रकाश कुशवाहा और बच्चा द्विवेदी व प्रतीक द्विवेदी की दुकान आस पास स्थित हैं. शनिवार की दोपहर दुकान की पुताई करने को लेकर दोनों दुकानदारों के बीच विवाद हो गया. इस बात से बौखलाए बच्चा द्विवेदी ने रामप्रकाश की पत्नी द्रौपदी के साथ मारपीट कर दी. इतना ही नहीं बल्कि शाम के लगभग 5 बजे बच्चा और कृष्णा किसी केन में 5 लीटर पेट्रोल लेकर आए और रामप्रकाश की दुकान प्रियंका किराना स्टोर पर छिडक़ने लगे. यह देख पहले तो लोगों को लगा कि केवल दहशत फैलाने के उद्देश्य से यह सब किया जा रहा है. लेकिन लोगों के पैरों तले तब जमीन खिसक गई जब माचिस की तीली जलाकर फेंक दी गई. देखते ही देखते दुकान में आग भडक़ गई. चीख पुकार सुनकर ग्रामीणो ंने फौरन ही बोरिंग चालू कर दुकान में लगी आग को बुझाने की कोशिश शुरु कर दी. लेकिन तब तक दुकान का काफी सामान जल गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार जब दुकान में लगाई गई आग को बुझा दिया गया तो बच्चा और कृष्णा का गुस्सा और भडक़ गया. लिहाजा केन में बचे हुए पेट्रोल को रामप्रकाश पर डालते हुए आग लगा दी गई. जिसके चलते रामप्रकाश बुरी तरह झुलस गया. झुलसे रामप्रकाश का उपचार शहर के एक निजी हास्पिटल में जारी है.
क्षेत्र में बढ़ी पुलिस की गश्त
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी गिरिजा शंकर वाजपेयी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आस पास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई गई. वहीं रामप्रकाश और परिजनों से बयान लेने के बाद पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध आगजनी और हत्या का प्रयास का प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया. आरोपियों की तलाश में पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है. इसी कड़ी में उक्त क्षेत्र में गश्त बढ़ाते हुए स्थिति पर निगरानी की जा रही है.
