इंदौर: आजाद नगर में मंगलवार दोपहर को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जब नगर निगम के डंपर की चपेट में आकर आठ साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और डंपर में तोड़फोड़ करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।बच्ची सड़क पार कर रही थी तभी नगर निगम का डंपर उसे रौंदते हुए निकल गया।
घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग आक्रोशित हो गए। गुस्साए स्थानीय लोगों ने डंपर के चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और उसे पकड़ने के लिए पुलिस को भी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू करने के प्रयास किए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
