भोपाल: राजधानी में बीते कुछ दिनों से हिट एंड रन, चोरी और फौजदारी जैसे मामले काफी सामने आ रहे है, आरोपियों को पहचानने के लिए पुलिस प्रशासन सीसीटीवी कैमरे पर निर्भर थी. सर्वे के मुताबिक शहर के कई संवेदनशील इलाके जैसे सेन्ट्रल जेल और अन्य इलाकों में सीसीटीवी कमरे ठीक से काम नहीं कर रहे है.जेल रोड पर सिर्फ एक कैमरा सक्रिय है। वहीं, बोर्ड ऑफिस, लिंक रोड, नर्मदापुरम रोड और वीआईपी रोड जैसे प्रमुख क्षेत्रों में लगे कैमरों की हालत भी खराब है।
शहर के पुलिस कैमरा प्रभारी का कहना है कि,शहर की 153 लोकेशन पर कुल 781 कैमरे लगे हैं। इनमें से लगभग 40 कैमरे फिलहाल काम नहीं कर रहे। उन्होंने बताया कि मेट्रो लाइन निर्माण कार्य और तकनीकी कारणों से कई कैमरे अस्थायी रूप से बंद हैं। यह संख्या समय-समय पर घटती-बढ़ती रहती है। इसके अलावा, शहर के आउटर एरिया की 16 लोकेशनों पर 152 एनपीआर कैमरे लगाए गए हैं, जो भोपाल में प्रवेश और निकासी करने वाले वाहनों की निगरानी करते हैं।
साथ ही उन्होंने बताया कि आने वाले समय में शहर में 450 नई लोकेशन पर 2 हजार सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इससे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा, भोपाल में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत अलग से कैमरे भी लगाए गए हैं।
