सतना :मैहर स्थित मां शारदा धाम में पहुंचकर दर्शन-पूजन और कथा श्रवण के संकल्प के साथ निकला परिवार रास्ते में ही दुर्घटना का शिकार हो गया. अचानक अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार महिला व बच्चों समेत 11 दर्शनार्थी घायल हो गए. घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है.चकदही गांव के निवासी रावत परिवार के दो दर्जन सदस्य पिकअप में सवार होकर मैहर के लिए निकले थे.
मैहर में पहुंचकर उन्हें दर्शन-पूजन के साथ-साथ कथा भी सुननी थी. पिकअप क्र. एमपी 17 जेड सी 0697 रविवार की सुबह जब राम वन पथ गमन मार्ग पर बांधी मौहार के निकट पहुंचा तो अचानक अनियंत्रित हो गया.
अनियंत्रित होने के बाद देखते ही देखते पिकअप सडक़ किनारे जाकर पलट गया. पिकअप के पलटते ही उसमें सवार जहां कुछ लोग छिटक कर इधर उधर जा गिरे. वहीं लगभग आधा दर्जन लोग पिकअप की चपेट में आ गए. घटना होते ही दर्शनार्थियों के चीख पुकार मच गई. घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पर 11 दर्शनार्थियों को भर्ती करते हुए उपचार शुरु किया गया. घायलों में से सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई.
