
शाजापुर।कश्मीर में पर्यटकों पर हुए हमले को लेकर जहां हिंदू संगठन ने आक्रोश व्यक्त करते हुए आतंकवाद और पाकिस्तान का पुतला फंूका, वहीं मोहर्रम कमेटी के नेतृत्व में शहर के मुस्लिम समाज ने चौक बाजार में पाकिस्तान का पुतला फूंकते हुए आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले पाकिस्तान पर कड़ी कार्यवाही की मांग की.गौरतलब है कि 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में 28 पर्यटकों की आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. इसको लेकर पूरा देश गुस्से में है. एक दिन पहले हिंदू धर्म जागरण और सर्व हिंदू समाज ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया था. तो आज मुस्लिम समाज ने मोहर्रम कमेटी सदर इमरान खरखरे के नेतृत्व में स्थानीय चौक बाजार में पाकिस्तान का पुतला फूंकते हुए आतंकवाद की जड़ों को देश से खत्म करने की अपील भारत सरकार से की. इस अवसर पर पाकिस्तान के खिलाफ भारत सरकार को सख्त कार्यवाही का ज्ञापन सौंपा गया.
