
72 साल की बुजुर्ग महिला के गले से चोरी हुई थी चैन
कोहेफिजा पुलिस ने पकड़ा था महिला चोर गिरोह
भोपाल, 16 जनवरी. कोहेफिजा इलाके में महिला के साथ हुई सवा लाख की चैन लूट में गिरफ्तार दिल्ली के महिला चोर गिरोह ने शहर के कई अन्य इलाकों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है. अखबार में छपी आरोपी महिलाओं की फोटो देखने के बाद एक बुजुर्ग महिला ने जहांगीराबाद थाने पहुंचकर चैन चोरी का केस दर्ज कराया है. आरोपी महिला ने बुजुर्ग के गले से बैटरी आटो में सवार के दौरान वारदात को अंजाम दिया था. जानकारी के अनुसार विमल श्रीजैन (72) जैन मंदिर के पास शंकराचार्य नगर थाना स्टेशन बजरिया में रहती हैं. पिछले महीने 19 दिसंबर को दोपहर करीब तीन बजे वह भारती टाकीज के बैटरी वाले आटो में बैठकर जहांगीराबाद स्थित जैन मंदिर जा रही थी. उनके आटो में सवार होने से पहले एक महिला पहले से आटो में बैठी हुई थी. दोपहर करीब साढ़े तीन बजे विमल श्रीजैन जहांगीराबाद स्थित जैन मंदिर के सामने आटो से उतर गईं, जबकि वह महिला उसी आटो से आगे निकल गई. आटो से उतरने के बाद विमल श्रीजैन ने देखा तो उनके गले में पहनी सोने की 2 तोला वजनी चैन गायब थी. चैन पुरानी होने के कारण कीमत 50 हजार रुपये बताई गई थी. फोटो देखने के बाद दर्ज कराई रिपोर्ट पिछले दिनों कोहेफिजा पुलिस ने एक महिला के गले से सवा लाख रुपये चैन चोरी के मामले में दिल्ली की चार महिलाओं को गिरफ्तार किया था, जबकि उनका एक साथी भागने में सफल रहा. महिलाओं के कब्जे से चोरी की चैन और वारदात में उपयोग की गई एक कार बरामद की गई थी. अखबारों जब इन महिलाओं की फोटो छपी तो विमल श्रीजैन एक महिला को पहचान गई. उसी महिला ने भारत टाकीज से जहांगीराबाद जाते समय आटो में उनके गले से चेन चोरी की थी. फोटो देखने के बाद बुुजुर्ग महिला ने बुधवार को थाने जाकर चैन चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई. धार्मिक कार्यक्रमों में करती थी वारदातें पुलिस द्वारा गिरफ्तार चारों महिलाएं दिल्ली की रहने वाली बताई गई थी. वह देश के विभिन्न शहरों में घूमती रहती हैं. मंदिर, कथा-भागवत और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में यह महिलाएं शामिल होकर महिलाओं के गले से आभूषण चोरी कर गायब हो चाती है. उन्होंने एक जनवरी को भोपाल में आयाोजित एक जुलूस के दौरान भी करीब आठ महिलाओं के गले से सोने की चैन चोरी करना स्वीकार किया था.
