
भोपाल। अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र के अंतर्गत विधायक विश्राम गृह में एक विधायक के आवास में चोरी का मामला सामने आया है. चोरी की वारदात करने वाले अज्ञात आरोपी की तलाश में अरेरा हिल्स थाना पुलिस जुटी है.
जानकारी के मुताबिक विश्राम के गृह के अंदर मऊगंज से भाजपा विधायक प्रदीप पटेल के आवास में चोरी की वारदात बीते रविवार को हुई. विधायक पटेल के पीए डॉ. रामानंद पटेल ने आवास में हुई चोरी के मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई. विधायक पटेल के सरकारी आवास में रखे लैपटॉप, नकदी, एटीएम कार्ड, पेन ड्राइव सहित जरूरी दस्तावेजों को अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया. पुलिस ने विधायक पटेल के पीए की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. रामानंद पटेल 7 जून को विश्राम गृह के रेस्ट हाउस के खंड-3 के कमरा नंबर-74 में ठहरे थे और उसी दिन चोरी की वारदात वहां हो गई. परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए पुलिस अज्ञात चोर की पहचान करने में जुटी है.
